देहरादून में 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा की गला रेत हत्या
राजधानी देहरादून का सीजेएम कोर्ट कंपाउंड। बुधवार दोपहर तीन बजे एसीजेएम कोर्ट में लंच के बाद एक मुकदमे में जिरह चल रही थी। पक्ष-विपक्ष के कई लोग और वकील कोर्ट रूम में मौजूद थे। इसी बीच एक हांफता हुआ लड़का आया और कहा …जज साहब, मैंने प्रेमनगर में एक लड़की की हत्या कर दी है। मैं सरेंडर करना चाहता हूं। यह सब सुनकर वहां मौजूद लोग भौचक्के रह गए। कुछ ही देर में वहां सुरक्षा गारद के सिपाही पहुंचे और लड़के को पकड़ लिया।बुधवार को देहरादून में 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा की गला रेत कर हत्या कर दी गई। उसका शव प्रेमनगर क्षेत्र स्थित चाय बागान में मिला। हत्या करने के बाद आरोपी खुद कोर्ट में पहुंच गया। वहां जज को हत्या के बारे में बताया तो पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी छात्रा से प्रेम करता था। लेकिन, कुछ दिनों से दोनों के बीच अनबन चल रही थी। इसी के चलते उसने छात्रा की हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त मांस काटने वाले छुरे को भी बरामद कर लिया है।
