मुंबई से लखनऊ ट्रांसफर हुई अल्टीमेट कराटे लीग, ऐसा है पूरा शेडयूल
अल्टीमेट कराटे लीग (UKL) जो पहले मुंबई में होने वाली थी, उसे अब लखनऊ ट्रांसफर कर दिया गया है। यह 3 दिसंबर से 12 दिसंबर तक लखनऊ के बाबू बनारसी दास बैडमिंटन अकादमी में आयोजित की जाएगी। इन तारीखों की घोषणा राजीव सिन्हा (अध्यक्ष आईपीकेसी), पीटर सुजा (निदेशक, विश्व संगठन) और जिरी कोचंद्रल (पर्यवेक्षक) द्वारा लखनऊ में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में की गई।
दुनिया के सभी कॉम्बैट स्पोर्ट्स जैसे बॉक्सिंग, कुश्ती आदि खेलों में सिर्फ व्यक्तिगत मैच ही होते हैं, लेकिन यूकेएल एक अनोखा मैच फॉर्मेट है, जिसने व्यक्तिगत खेल को टीम स्पोर्ट में बदल दिया है। यहां एक खिलाड़ी को तीन विरोधियों का एक साथ सामना करना पड़ता है। मैचों के तीन सेट 45 मिनट में पूरे होते हैं, जिसमें स्लो-मोशन और कमर्शियल ब्रेक शामिल हैं। केवल नॉकडाउन तकनीक ही स्कोर दर्ज करता है। प्रत्येक टीम में 5 पुरुष और 1 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। ड्रॉ की स्थिति में महिला व्यक्तिगत मैच आखिरी नतीजा तय करता है।
