मलबा हटाए जाने की मांग को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
ऋषिकेश, यमकेश्वर के रत्तापानी मराल में ग्रामीण परेशान हैं। यहां गांव को जोड़ने वाले गौरवट्टा में बीते एक माह पूर्व बरसात के चलते मलबा आ गया था। ग्रामीणों की शिकायत के बावजूद लोक निर्माण विभाग मलबा नहीं हटा रहा है। शुक्रवार को रत्तापानी मराल के ग्रामीणों ने एसडीएम को पत्र भेजा। ग्रामीणों ने कहा कि नीलकंठ मार्ग पर काफी समय पहले कई पुस्ते ढह गए। ऐसे में बीते एक माह पूर्व बरसात के चलते नीलकंठ मार्ग को रत्तापानी मराल गांव से जोड़ने वाले गौरवट्टा मार्ग पर मलबा आ गया। यह मलबा नीलकंठ मार्ग के किनारे पुस्ता नहीं होने की वजह से आ रहा है। आए दिन बरसात में मलबा मार्ग पर आ जाता है। जिसे कई बार ग्रामीण स्वयं ही हटाते हैं। इस बार मलबा ज्यादा है और मार्ग अवरुद्ध हो गया है। ऐसे में ग्रामीण एक महीने से लोक निर्माण विभाग और पार्क प्रशासन के अधिकारियों को सूचना व शिकायत करते आ रहे हैं। बावजूद कोई कार्यवाही नहीं हो रही है, जिससे ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इस मार्ग से मलबा हटाने की मांग की है। मांग करने वालों में कल्याण सिंह राणा, जितेंद्र सिंह राणा, नरेंद्र सिंह नेगी, राजेश नेगी, राकेश राणा, अमित राणा, विनय नेगी, होशियार सिंह भंडारी, जितेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।
