दिल्ली में महिला से सोने की चेन छीनने वाला सिविल डिफेंस वॉलंटियर धरा, एक सुनार भी गिरफ्तार

दिल्ली में महिला से सोने की चेन छीनने वाला सिविल डिफेंस वॉलंटियर धरा, एक सुनार भी गिरफ्तार

दक्षिणी दिल्ली के नेब सराय में 22 वर्षीय एक सिविल डिफेंस वॉलंटियर (Civil defence volunteer) को एक महिला की सोने की चेन छीनने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि आरोपी मुकुल वर्मा पिछले सात महीने से संगम विहार में एक सिविल डिफेंस वॉलंटियर के तौर पर काम कर रहा था।

पुलिस ने बताया कि राकेश वर्मा (42) नाम के एक सुनार को भी गिरफ्तार किया गया है, जिसे आरोपी ने छीनी हुई सोने की चेन बेची थी। पुलिस के अनुसार, घटना 17 सितंबर दोपहर करीब ढाई बजे की है, जब महिला सड़क किनारे चल रही थी और तभी मोटरसाइकिल सवार आरोपी ने उसकी सोने की चेन छीन ली। महिला ने मामले की शिकायत सोमवार को दर्ज कराई।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पीड़िता घटना के समय वाहन का पूरा रजिस्ट्रेशन नंबर नोट नहीं कर पाई थी, लेकिन उसके अंतिम कुछ नंबर उसे याद थे, जिससे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से पुलिस को मोटरसाइकिल के मालिक की पहचान करने में मदद मिली।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) अतुल कुमार ठाकुर ने कहा कि जांच के दौरान दिल्ली और गाजियाबाद में कई जगह छापेमारी की गई और आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि मुकुल पहले भी चोरी के तीन मामलों में शामिल था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *