सी-विधानसभा में विधायकों को शपथ दिलाते प्रोटेम स्पीकर बंशीधर भगत। ————————————– प्रोटेम स्पीकर बंशीधर भगत ने नवनिर्वाचित विधायकों को दिलाई शपथ

उत्तराखंड विधानसभा में नवनिर्वाचित सदस्यों को प्रोटेम स्पीकर बंशीधर भगत ने विधायक की शपथ दिलाई। ज्यादातर विधायकों ने हिंदी में शपथ ली, जबकि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, भरत सिंह चौधरी, भूपाल राम टम्टा, ऋतु खंडूरी, सतपाल महाराज समेत कुछ अन्य विधायकों ने संस्कृत में शपथ ली। किशोर उपाध्याय ने गढ़वाली में शपथ ली, लेकिन गढ़वाली भाषा आठवीं अनुसूची में शामिल न होने की वजह से उन्हें दोबारा हिंदी में भी शपथ लेनी पड़ी। कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ को छोड़कर उत्तराखंड की पांचवीं विधानसभा के सभी नवनिर्वाचित विधायकों को प्रोटेम स्पीकर बंशीधर भगत ने शपथ दिलाई। तिलक राज बेहड़ किसी कारणवश शपथ ग्रहण समारोह में नहीं पहुंच पाए। नवनिर्वाचित विधायक अनुपमा रावत ने सबसे पहले शपथ ली।
उत्तराखंड राज्य की पंचम विधानसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आज विधानसभा भवन देहरादून में आहूत हुआ। इस दौरान प्रोटेम स्पीकर बंशीधर भगत ने भारत के संविधान के अनुच्छेद 188 के तहत नवनिर्वाचित विधायकों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *